नई दिल्ली.(पीआईबी) भारत मंडपम में स्टार्टअप महाकुंभ की शुरूआत हो गई है. इस मेगा इवेंट में 50 से अधिक देश शामिल हुए हैं. इसके अलावा इस महाकुंभ में 1000 से अधिक इंवेस्टर्स और इनक्यूबेटर शामिल हो रहे हैं। यह स्टार्टअप इवेंट उन युवाओं के लिए खासतौर पर लाभकारी सिद्ध होगा जो अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं
नेटवर्किंग और फाइनेंसिंग में मिलेगी मदद
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने स्टार्टअप महाकुंभ का भव्य उद्घाटन किया था। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि को युवाओं को अपना बिजनेस स्टार्ट करने में बहुत मदद मिलेगी क्योंकि उनको निवेशकों से नेटवर्किंग बनाने का मौका मिलेगा. इसके अलावा उनको बिज़नेस के लिए फाइनेंसर भी मिलेंगे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि “प्रदर्शनी देखने के बाद मुझे जो आनंद मिला – हमारे युवाओं और महिलाओं ने अपनी दृढ़ता, कड़ी मेहनत, जिज्ञासा, शोध और नवाचार के माध्यम से जो अभिनव काम किया है वह बहुत सुकून देने वाला है।” “आप विश्व स्तरीय गुणवत्ता का काम देख सकते हैं, ऊर्जा दक्षता, इलेक्ट्रॉनिक्स को शक्ति प्रदान करने वाली तकनीकों का अनुभव कर सकते हैं, युवा स्टार्टअप द्वारा बनाए जा रहे रक्षा उपकरणों को देख सकते हैं और महसूस कर सकते हैं कि कैसे फिनटेक आम नागरिक के लिए सशक्तिकरण का स्रोत बन रहा है…”
एआई, डीपटेक और साइबर सिक्योरिटी समेत 10 विषयों पर फोकस
स्टार्टअप महाकुंभ के दूसरे संस्करण में 10 विषयगत मंडप शामिल हैं जिनमें एआई, डीपटेक और साइबरसुरक्षा, स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी, कृषि प्रौद्योगिकी, जलवायु प्रौद्योगिकी, इनक्यूबेटर और एक्सेलरेटर, डी2सी, फिनटेक, गेमिंग और स्पोर्ट्स, बी2बी और प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और परिवहन जैसे प्रमुख उद्योग शामिल हैं।
श्री पीयूष गोयल ने जलवायु तकनीक, जैव प्रौद्योगिकी, एआई और डीपटेक तथा अन्य क्षेत्रों में अभूतपूर्व नवाचारों को दर्शाने वाली कई प्रदर्शनियों का दौरा किया जिनमें इंटेलिजेंट एयर प्यूरीफायर और ईवी ट्रैक्टर से लेकर कार्यात्मक ब्रेन मैपिंग के लिए एआई-संचालित प्लेटफॉर्म और रक्षा अनुप्रयोगों के लिए अत्याधुनिक विनिर्माण ड्रोन शामिल हैं।
प्रत्येक मंडप में विशेष रूप से क्यूरेट किए गए स्टार्टअप बूथ/पॉड स्टार्टअप और संगठनों को अपने नवाचारों को प्रमुख हितधारकों- निवेशक, उद्यम पूंजीपति, कॉर्पोरेट और पारिस्थितिकी तंत्र के अनुकूल इनक्यूबेटर, एक्सेलेरेटर, सरकारी एजेंसियां और अंतर्राष्ट्रीय निवेशक के सामने प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं।
उद्घाटन संस्करण की सफलता के आधार पर जिसमें 1,300 से अधिक प्रदर्शक शामिल थे और 48,000 से अधिक आगंतुक आए, स्टार्टअप महाकुंभ 2025 भारत के सबसे बड़े नवाचार और उद्यमिता कार्यक्रमों में से एक है और स्टार्टअप, निवेशकों और उद्योग जगत के नेताओं के लिए और भी बड़ा और अधिक प्रभावशाली मंच प्रदान करता है। इस कार्यक्रम में दो दिनों में 107823 लोगों के आगमन के साथ उल्लेखनीय उपस्थिति देखी गई।
क्या है स्टार्टअप महाकुंभ ?
स्टार्टअप महाकुंभ अपनी तरह का पहला आयोजन है जो स्टार्टअप, निवेशकों, इनक्यूबेटर और एक्सेलरेटर्स और कई क्षेत्रों के उद्योग जगत के नेताओं सहित भारत के संपूर्ण स्टार्टअप तंत्र को एक साथ लाता है। इसका नेतृत्व फिक्की, एसोचैम, नैसकॉम, टीआईई, आईवीसीए और बूटस्ट्रैप फाउंडेशन कर रहे हैं और इसे जैम, सिडबी, ईसीजीसी, डीपीआईआईटी और एमईआईटीवाई का सहयोग प्राप्त है।
अधिक जानकारी के लिए http://www.startupmahakumbh.org पर जाएं ।
प्रेस रिलीज


