मुंबई. एंटरटेनमेंट डेस्क।
बॉलीवुड में एक बार फिर दो बड़ी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस में टक्कर होने जा रहा है। दरअसल दो मोस्ट अवेटेड फिल्में ‘टॉक्सिक’ और ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च 2026 को एक साथ रिलीज़ होने जा रही हैं, जिससे दर्शकों और ट्रेड एनालिस्ट्स के बीच चर्चा तेज़ हो गई है। सवाल यही है कि टिकट खिड़की पर कौन सी फिल्म बाज़ी मारेगी?
इंटेंस है “टॉक्सिक” का टीज़र
सुपर स्टार यश ने अपने बर्थडे के अवसर पर अपनी आने वाली फिल्म “टॉक्सिक” का टीज़र रिलीज कर दिया है जो दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। टीजर में इस फिल्म का लुक डार्क, इंटेंस और स्टाइलिश लग रहा है। इसमें यश का ज़बरदस्त रोल लग रहा है।
इस फिल्म के टीज़र में मास अपील का तड़का है। स्टार पावर और भव्य प्रस्तुति “टॉक्सिक” को खासतौर पर युवा दर्शकों और मल्टीप्लेक्स ऑडियंस को पसंद आ सकती है। इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और नयनतारा जैसी एक्ट्रेसेस नज़र आएंगी।
धुरंधर की धुआंधार कमाई
उधर धुरंधर की धुआंधार कमाई जारी है। रिलीज से आज तक यानि लगभग 35 दिनों में फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 840 करोड़ से ज्यादा हो गया है। अब दर्शकों को इस फिल्म के दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार है।
धुरंधर 2 भी 19 मार्च, 2026 को रिलीज़ होगी और इसी दिन टॉक्सिक भी रिलीज होगी और इस तरह दोनों फिल्मों के बीच ज़बरदस्त टक्कर होगी। एक ओर जहाँ “टॉक्सिक” स्टारडम और स्टाइल के दम पर दर्शकों को पसंद आ सकती है तो वहीं दूसरी ओर “धुरंधर 2” को अपनी कहानी, अक्षय खन्ना की सोशल मीडिया में लोकप्रियता और धुरंधर 1 के वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिल सकता है।
अब तो फिल्म की रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा कि “धुरंधर 2” और “टॉक्सिक” में कौन बॉक्स ऑफिस का सिकंदर साबित होगा।


