नई दिल्ली. देश में बेरोजगारों से पैसे ऐंठने का खेल साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह द्वारा किया जा रहा है. ये लोग सरकारी विभागों में नौकरी का विज्ञापन निकालते हैं. फर्जी नौकरी के लिए फर्जी वेबसाइट बनाते हैं. युवाओं से ऑन लाइन परीक्षा फीस लेते हैं.
कैबिनेट सचिवालय में निकली वैकेंसी?
हाल ही में भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय में फील्ड असिस्टेंट (जीडी) के 1736 पदों की भर्ती का विज्ञापन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निकाला गया. सोशल मीडिया में खूब वायरल किया गया. बिना जांच पड़ताल के कई पढ़े-लिखे युवाओं ने इसका फॉर्म भी भर दिया और ऑन-लाइन परीक्षा फीस का पेमेंट भी कर दिया गया.
फर्जी एडमिट कार्ड भी हुए जारी
साइबर फ्रॉड करने वाले संगठित रुप से काम कर रहे है. वे फर्जी वेबसाइट से न सिर्फ सरकारी नौकरी का विज्ञापन निकाल रहे हैं बल्कि लिखित परीक्षा के लिए कथित तौर फर्जी एडमिट कार्ड भी दे रहे हैं। इस तरह से बड़े घोटाले को अंजाम दिया जा रहा है..
संपादकीय- साइबर स्कैम करने वालों की हो धरपकड़
इस ख़बर का संपादकीय पहलू ये है सोशल मीडिया, स्मार्ट फोन जैसे डिजिटल टूल्स का विकास लगातार हो रहा है. आम जनता तकनीकि के इन तरीकों से तरक्की तो कर रही है लेकिन इसी टेक्नोलॉजी का मिसयूज करने वाले और साइबर फ्रॉ़ड करने वाले लोग और उनके ग्रुप नए नए तरीकोंं से घोटाले कर रहे हैं.
इसके बारे में संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी सिर्फ जनता को जागरूक करने की नहीं है, उनकी इससे बड़ी जिम्मेदारी बनती है कि इस तरह का संगठित अपराध करने वालों की धरपकड़ हो, उन पर सख्त कार्रवाई हो ताकि फिर से कोई इस तरह के साइबर फ्रा़ड करके बड़े स्कैम को अंजाम न दे सके.



