बैंकॉक (एजेंसी). पीएम मोदी बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक गए हैं. हलांकि पहले से बांग्लादेश सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस के साथ उनका कोई द्विपक्षीय वार्ता का कार्यक्रम निर्धारित नहीं था लेकिन बांग्लादेश के अनुरोध पर पीएम मोदी ने मो. यूनुस से मुलाक़ात की. इस दौरान पीएम ने हिंदुओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया.
सुनिश्चित हो अल्पसंख्यकों की सुरक्षा
बैंकॉक में चल रहे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं के बीच यह पहली औपचारिक मुलाकात थी। दोनों नेताओं के बीच कई सामरिक मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी मौजूद रहे।
इस दौरान पीएम मोदी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त की. पीएम मोदी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए अत्याचार की गंभीरता के साथ जांच कराई जाए
मो. यूनुस ने कहा कि वे भारत की चिंताओं को समझते हैं. उनकी सरकार अपने देश में किसी भी हिंदू या अल्पसंख्यक के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उकसाने वाली बयानबाजी न करे बांग्लादेश
दोनों देशों के नेताओं के बीच बॉर्डर सिक्योरिटी, अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई दोनों नेताओं की वार्ता के बाद भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने प्रेस कॉंफ्रेंस की.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश में हिंदुओं सहित अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के मुद्दे को उठाया. भारत की चिंताओं को बांग्लादेश के समक्ष रखा गया है. उन्हें उम्मीद है कि बांग्लादेश सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अपने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर भारत से संबंधित बांग्लादेश की तरफ से आए उकसाने वाले बयानों पर ऐतराज जताया. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए जिससे कि दोनों देशों के बीच के संबंध खराब ह जाएं. बातचीत का सकारात्मक माहौल बनेगा तभी दोनों के बीच के मुद्दों का कोई समाधान निकलेगा.
48 जिलों में 278 स्थानों पर हुए हिंदुओं पर हमले
शेख हसीना की सरकार के दौरान पिछले साल बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हमले की खबरें लगातार आती रहीं. हिंदू मंदिरों को तोड़ा गया, हिंदुओं के घर जलाए गए. हिंदुओं को जान से मारा गया.
ये दावा है बांग्लादेश में हिंदुओं के एक बड़े संगठन का जिसके मुताबिक 5 अगस्त 2024 के बाद बांग्लादेश के 48 जिलों में 278 स्थानों पर हिंदुओं पर गंभीर रुप से हमले हुए. ये हमला दरअसल “हिंदू धर्म” पर था।



