नई दिल्ली. एजेंसियां। ऐतिहासिक लाल किले के पास हाई इंटेन्सिटी का कार में ब्लास्ट हुआ है। ये धमाका शाम 6 बजकर 52 मिनट पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जोरदार धमाके की आवाज से कार में आग लग गई और आस-पास की गाड़ियों में आग फैल गई।
धमाके में 10 की मौत, 25 से ज्यादा घायल
धमाके की वजह से तेज आग लग गई जिसकी चपेट में आकर 10 लोगों के मारे जाने की ख़बर है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अभी इस धमाके की जांच हर एंगल से की जा रही है। इस घटना में 25 लोग से ज्यादा गंभीर रुप से घायल हुए हैं जिनका इलाज एलएनजेपी अस्पताल में हो रहा है।
लाल किले का इलका दिल्ली के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में गिना जाता है। पास ही में चांदनी चौक मार्केट है। पुलिस के मुताबिक, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में भीषण विस्फोट हुआ जिसमें आग लग गई। बड़ी तेजी से ये आग आस-पास खड़ी तीन से चार गाड़ियां में फैल गई।
इस घटना में भीषण आग लग गई । मौके पर फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां पहुंची. बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं।
पीएम मोदी ने गृहमंत्री से की बात
इस घटना को लेकर पीएम मोदी ने गृहमंत्री अमित शाह से बात की है जिसमें उन्होंने धमाके की पूरी जानकारी दी है। इससे पहले गृहमंत्री ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर और आईबी चीफ से बात करके घटना की पूरी जानकारी ली है।
आतंकी हमले की आशंका
दिल्ली पुलिस, NIA, NSG की टीम इस धमाके की जांच आतंकी हमले के एंगल से भी कर रही है। फिलहाल अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि इस ब्लास्ट का नेचर क्या है। क्या ये किसी साजिश का हिस्सा है या फिर सीएनजी कार में अचानक ब्लास्ट हुआ है। इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही पता चल पाएगा। इस घटना से राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।


