नई दिल्ली। (पीआईबी) भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक अच्छा कदम उठाया है. रेलवे के सभी डिब्बों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इससे ट्रेनों के अंदर होने वाले अपराधों पर लगाम लगाई जा सकेगी. यात्रियों को कुछ खिला-पिला कर बेहोश करके उनके सामान की चोरी की घटनाएं अक्सर सामने आती है। इसके अलावा लूट पाट की घटनाएं भी होती हैं. कैमरे लगाने के बाद ऐसे लोगों की धरपकड़ तेज होगी.
कितने डिब्बों में लगेंगे कैमरे ?
यात्रियों की प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे को दरवाजों के पास आने जाने वाले रास्ते के पास लगाए जाएंगे। यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से सभी 74 हजार डिब्बों और 15 हजार इंजनों में हाईक्वालिटी वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
रेलवे मंत्रालय के मुताबिक, प्रत्येक डिब्बे में 4 सीसीटीवी कैमरे और इंजनों में 6 कैमरे लगाऐ जाएंगे। ये एडवांस टेक्नोलोजी वाले कैमरे होंगे जो 100 किमी प्रति घंटे से भी अधिक स्पीड में दौड़ रही ट्रेनों में रिकार्डिंग करेंगे. कम रोशनी में भी ये कैमरे अच्छी क्वालिटी वाले सीसीटीवी फुटेज रिकार्ड होंगे।
सफल परीक्षण के बाद हुआ फैसला
सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रायोगिक परीक्षण उत्तर रेलवे के लोको इंजन और कोचों में किया जा चुका है जिसके बेहतर परिणाम मिले हैं। इसको देखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने सभी 74,000 कोचों और 15,000 लोको में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनुमति दे दी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने एक मीटिंग में इंजनों और कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा की है। बैठक में रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। रेलवे अधिकारियों ने बताया है कि उत्तर रेलवे के लोको इंजन और कोचों में इसके सफल परीक्षण किए जा चुके हैं।
प्रत्येक रेलवे कोच में 4 डोम प्रकार के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएँगे – प्रत्येक प्रवेश मार्ग पर 2 और प्रत्येक लोकोमोटिव में 6 सीसीटीवी कैमरे होंगे। इसमें लोकोमोटिव के आगे, पीछे और दोनों तरफ 1-1 कैमरा शामिल होगा। प्रत्येक लोको के प्रत्येक कैब (आगे और पीछे) में 1 डोम सीसीटीवी कैमरा और 2 डेस्क माउंटेड माइक्रोफोन लगे होंगे।
केंद्रीय रेल मंत्री ने रेलवे अधिकारियों से कहा कि 100 किमी प्रति घंटे से अधिक गति से चलने वाली ट्रेनों और कम रोशनी की स्थिति में भी अच्छी फुटेज उपलब्ध होनी चाहिए इसलिए आधुनिक कैमरे का प्रयोग करें । उन्होंने रेलवे के अधिकारियों को इंडियाएआई मिशन के सहयोग से सीसीटीवी कैमरों द्वारा कैप्चर किए गए डेटा पर एआई के उपयोग की संभावना तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया।
सीसीटीवी कैमरे लगाने के फायदे
डिब्बों के सामान्य आवागमन क्षेत्रों में कैमरे लगाने का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा में सुधार करना है। यात्रियों की निजता बनाए रखते हुए ये कैमरे शरारती तत्वों और अपराधियों की पहचान करने में भी मदद करेंगे. गोपनीयता बनाए रखते हुए, ये कैमरे शरारती और अपराधी तत्वों की पहचान करने में भी मदद करेंगे।
सीसीटीवी कैमरे चोरी-डकैती, छेड़छाड़, किसी भी तरह के उत्पीड़न, ज़हरखुरानी गिरोह के धरपकड़ जैसे कई अपराधों को रोकने में कारगर होंगे। इसके अलावा, आग, चिकित्सा आपातकाल या दुर्घटना जैसी आपात स्थितियों में सीसीटीवी फुटेज से घटना की सटीक जानकारी मिल सकेगी, जिससे रेलवे अधिकारी तुरंत और प्रभावी कार्रवाई कर सकेंगे।


