सीबीएसई हो या आइसीएससी बोर्ड या फिर राज्यों के सीनियर सेकेंडरी बोर्ड हो…सब जगह 12वीं के एग्जाम हो चुके हैं और अब रिजल्ट आने वाला है. इसके बाद 12वीं पास लाखों छात्र अपना करियर बनाने के लिए यूनीवर्सिटिज़ में एडमिशन लेंगे.
छात्रों और उनके अभिभावकों को सावधानी रखते हुए किसी भी यूजीसी संस्थान में एडमिशन ले न कि किसी फर्जी संस्थान में एडमिशन लें. यूजीसी यूजीसी हर साल फर्जी विश्वविद्यालयों और फर्जी शैक्षणिक संस्थाओं की लिस्ट जारी करता है ताकि छात्रों और उनके अभिभावकों को जागरूक किया जा सके कि वे इन फर्जी संस्थाओं पर एडमिशन न लें.
यूजीसी यानि यूनीवर्सिटी ग्रांट कमीशन देश में हायर एजुकेशन के लिए सबसे बड़ी रिगुलेटरी एथॉरिटी है. यूजीसी सभी सरकारी और प्राइवेट यूनीवर्सिटिज़ को निर्धारित नियमों और मानदंडों के आधार पर मान्यता देता है.
सवाल ये है कि साल दर साल…हर साल यूजीसी फेक यूनीवर्सिटिज की लिस्ट जारी तो करती है लेकिन इन फर्जी संस्थानों को चलाने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई क्यों नहीं होती है ताकि छात्रों के भविष्य से खेलने वालों को सबक सिखाया जा सके.
दिल्ली में भी हैं फर्जी शिक्षण संस्थान
UGC की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार सबसे अधिक यूजीसी, शिक्षा मंत्रालय और सरकार की नाक के नीचे यानि राजधानी दिल्ली में 8 फर्जी शिक्षण संस्थान चल रहे हैं.
इन संस्थानों पर आरोप है कि ये सभी संस्थान नियमों को दरकिनार करके छात्रों को डिग्रियां प्रदान कर रहे हैं. ये संस्थान UGC से मान्यता प्राप्त नहीं है.
दिल्ली में फर्जी संस्थानों में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एंड फिजिकल हेल्थ साइंसेज (AIIPHS), कमर्शियल यूनिवर्सिटी लिमिटेड, दरियागंज, यूनाइटेड नेशंस यूनिवर्सिटी, वोकेशनल यूनिवर्सिटी, सेंट्रिक ज्युडिशियल यूनिवर्सिटी, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड इंजीनियरिंग, विश्वकर्मा ओपन यूनिवर्सिटी फॉर सेल्फ-एम्प्लॉयमेंट और आध्यात्मिक विश्वविद्यालय शामिल हैं.
दूसरे राज्यों में भी हैं फर्जी संस्थान
देश की राजधानी दिल्ली में ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी फर्जी शिक्षण संस्थान हैं. देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश यानि यूपी में गांधी हिंदी विद्यापीठ, प्रयागराज, नेताजी सुभाष चंद्र बोस ओपेन यूनिवर्सिटी, अलीगढ़, भारतीय शिक्षा परिषद, लखनऊ और महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी, नोएडा में है.
वहीं कर्नाटक में बादगनवी सरकार वर्ल्ड ओपन यूनिवर्सिटी एजुकेशन सोसाइटी सेंट जॉन्स यूनिवर्सिटी, किशनट्टम और केरल में इंटरनेशनल इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ प्रोफेटिक मेडिसिन, कोझीकोड, महाराष्ट्र में राजा अरेबिक यूनिवर्सिटी, नागपुर, पुडुचेरी में श्री बोधि एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन, पश्चिम बंगाल में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन, कोलकाता, इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च, कोलकाता और आंध्र प्रदेश में क्राइस्ट न्यू टेस्टामेंट डीम्ड यूनिवर्सिटी, गुंटूर, बाइबल ओपन यूनिवर्सिटी ऑफ इंडिया, विशाखापट्टनम संस्थान हैं.



