पहलगाम, (एजेंसियां). आतंकियों का कोई धर्म नहीं होता लेकिन धर्म के नाम पर जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने नाम पूछा और जवाब मिलते ही लगा कि ये हिंदू है तो गोली मार दी. इस तरह से कायर आतंकियों ने 25 से अधिक हिंदू पर्यटकों की हत्या कर दी, इस आतंकी हमले में बहुत से पर्यटक घायल भी हुए हैं. सूत्रों के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
गृहमंत्री अमित शाह ने श्रीनगर में की हाईलेवल मीटिंग
पीएम मोदी ने इस आतंकी हमले को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से बात करने इस हमले की जानकारी ली, उन्होंने गृहमंत्री को घटना स्थल का दौरा करने को कहा. इसके बाद अमित शाह श्रीनगर पहुंच गए हैं.
उन्होंने एक हाई लेवल की मीटिंग की. इस मीटिंग में जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के अलावा पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के बड़े अधिकारी मौजूद रहे. अमित शाह ने कहा कि आतंकियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी.
हमले के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है. पूरे देश में इस आतंकी हमले के खिलाफ लोगों में बहुत गुस्सा है. लोग आतंकियों का अंत चाहते हैं.
किस संगठन ने ली हमले की ज़िम्मेदारी?
आतंकवादी संगठन ‘कश्मीर रेजिस्टेंस’ ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. इस संगठन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गैर-स्थानीय लोगों को 85000 से ज्यादा निवास-पत्र जारी किए गए हैं.
इससे यहां जनसांख्यिकीय परिवर्तन हो रहा है. ये गैर-स्थानीय लोग टूरिस्ट बनकर आते हैं, निवास-प्रमाण पत्र बनवा लेते हैं और फिर ऐसा व्यवहार करने लगते हैं मानो जमीन के मालिक वे ही हैं. इसलिए अवैध रूप से बसने की कोशिश करने वालों के खिलाफ हिंसा की जाएगी.
नाम पूछकर मारी गोली
आतंकियों ने पर्यटकों से नाम पूछा. हिंदू नाम सुनते ही गोली मार दी. आतंकियों ने 50 से ज्यादा राउंड की फायरिंग की. स्थानीय पुलिस और सेना मिलकर आतंकियों की तलाश कर रही है. साउदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर गए पीएम मोदी ने इस घटना के बारे में गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और उन्होंने आतंकियों की धड़पकड़ के लिए निर्देश दिए .
पर्यटकों पर आतंकी हमले को लेकर सरकार हाई अलर्ट पर है. सूत्रों के मुताबिक सरकार इस हमले के जिम्मेदार लोगों पर सख्त एक्शन लेगी. पुलवामा की तरह पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले का बदला जरूर लिया जाएगा.



