भोपाल। प्रसार भारती के अंतर्गत दूरदर्शन केंद्र, भोपाल की क्षेत्रीय समाचार इकाई (Regional News Unit) ने भारतीय सांकेतिक भाषा (इंडियन साइन लैंग्वेज) के समाचार वाचक (Anchor) के रूप में आकस्मिक आधार (Casual Basis) पर कार्य करने के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस पहल का उद्देश्य सांकेतिक भाषा के माध्यम से समाचारों को दिव्यांगजन, विशेषकर श्रवण बाधित दर्शकों तक अधिक सुलभ रूप में पहुँचाने में सहयोग करना है।
योग्यता, उम्र और अनुभव-
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का भारतीय मूल का होना और भोपाल में निवास करना आवश्यक है।
इसके साथ ही किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक की डिग्री, सांकेतिक भाषा में डिप्लोमा अथवा प्रमाणपत्र तथा सांकेतिक भाषा दुभाषिए के रूप में कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव अनिवार्य है।
अभ्यर्थी को हिंदी भाषा में दक्ष होना चाहिए तथा कैमरे के सामने सहजता से प्रस्तुति देने में सक्षम होना चाहिए।
वांछनीय योग्यताओं में क्षेत्रीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समसामयिक मामलों की जानकारी, महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों से परिचित होना तथा अंग्रेजी भाषा का ज्ञान शामिल है।
प्रति शिफ्ट 1,650 रुपये का भुगतान
अधिसूचना के मुताबिक, चयनित अभ्यर्थियों को एक समाचार बुलेटिन की एक शिफ्ट के लिए 1,650 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह अधिकतम सात असाइनमेंट दिए जा सकते हैं। यह नियुक्ति आकस्मिक आधार पर होगी, नियमित सरकारी नौकरी नहीं।
पैनल में शामिल होने से स्थायी नियुक्ति का कोई अधिकार प्राप्त नहीं होगा। 60 वर्ष की आयु के बाद अभ्यर्थी पैनल में बने रहने के पात्र नहीं होंगे।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित आवेदन प्रारूप में अपनी जानकारी भरकर शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता के प्रमाणपत्र, आयु प्रमाण, निवास प्रमाण और अनुभव प्रमाणपत्र सहित आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकते हैं।
आवेदन अधिसूचना के वेबसाइट पर प्रकाशित होने की तारीख से एक महीने के भीतर (15 नवंबर 2026) भेजना होगा।आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है।
आवेदन स्वयं जमा किया जा सकता है या स्पीड पोस्ट के माध्यम से इस पते पर भेजा जा सकता है:
निदेशक समाचार, क्षेत्रीय समाचार इकाई, दूरदर्शन केंद्र, श्यामला हिल्स, भोपाल – 462002।
आवेदन सीलबंद लिफाफे में जमा करना होगा, जिसके ऊपर संबंधित आकस्मिक पद का नाम स्पष्ट रूप से लिखा हो। कार्यदिवसों में आवेदन जमा करने का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक है।
कैसे होगा सिलेक्शन?
प्रसार भारती और दूरदर्शन की क्षेत्रीय समाचार इकाई आवश्यकतानुसार लिखित परीक्षा, साक्षात्कार, ऑडिशन, स्क्रीन टेस्ट, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा या अन्य कौशल परीक्षण आयोजित कर सकती है।
चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए यात्रा या दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना और उसमें दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
आधिकारिक अधिसूचना: https://prasarbharati.gov.in/wp-content/uploads/2026/10/Sign-Language-Advertisement-2026.pdf
Post Views: 79





