गरीब परिवार की बेटी की शादी के खर्चें पूरे करने के लिए गरीब लोगों के लिए केंद्र और राज्यों की सरकारें कई योजनाएं चलाती हैं जिसकी जानकारी अमूमन लोगों को नहीं होती है. ऐसे में आइए आपको बताते हैं कि कौन सी राज्य सरकारें कौन सी योजनाएं चलाती हैं.
यूपी में है सामूहिक विवाह योजना
यूपी शादी अनुदान योजना राज्य सरकार चलाती है. इस योजना के तहत बेटी के परिवार को शादी के खर्चों के लिए 1 लाख रुपये दिए जाते हैं. एक ही परिवार की दो बेटियां को इस योजना का लाभ मिलता है.
इस योजना के तहत 60,000 रुपए रुपये बेटी के बैंक खाते में ट्रांसफर होंगे जबकि 25,000 रुपये का गिफ्ट और 15,000 रुपये विवाह कार्यक्रम के आयोजन पर खर्च किए जाएंगे. इस योजना का लाभ पाने के लिए परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए.
बिहार सरकार गरीब परिवार की बेटियों के लिए जो योजना चलाती है उसका नाम है मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना है. इसके तहत राज्य सरकार गरीब परिवार की बेटियों को शादी के लिए 50,000 रुपये देती है. इस योजना की ज्यादा जानकारी लेने के लिए ऑफिशियल वेबसाइट https://serviceonline.bihar.gov.in/ पर क्लिक करके ले सकते हैं.
मध्य प्रदेश में है ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना
मध्य प्रदेश में भी राज्य सरकार ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’के नाम से गरीब बेटी की शादी में मदद करती है. ये योजना 2006 में शुरू हुई थी. इस योजना के तहत 55000 रुपये दिए जाते हैं.
इस योजना का लाभ लेने के लिए मध्य प्रदेश की मूल निवासी होने का प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र होना जरूरी है. इस योजना की ज्यादा जानकारी लेने के लिए https://socialjustice.mp.gov.in/ पर ली जा सकती है.
राजस्थान में है मुख्यमंत्री कन्यादान योजना
राजस्थान में गरीब बेटी की शादी में 21 से लेकर 51 हजार रुपए की मदद की जाती है. ये योजना में केवल गरीबी रेखा से नीचे यानि BPL कैटेगरी के परिवारों के लिए है.
इस योजना का लाभ पाने के लिए परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए. ज्यादा जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://sjmsnew.rajasthan.gov.in/ पर जा सकते हैं.
झारखंड में है सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना
झारखंड में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना चलाई जाती है. राज्य सरकार की तरफ से बेटी के कन्यादान के लिए 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.
महाराष्ट्र में है सुकन्या विवाह योजना
महाराष्ट्र में सुकन्या विवाह योजना है इसके तहत पात्र परिवार की बेटियों को शादी के लिए 50 हजार रुपये दिए जाते हैं. इसके लिए आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए. साथ ही में आय और स्थाई निवास प्रमाण पत्र भी होना चाहिए.
दिल्ली में है बालिका विवाह योजना
देश की राजधानी दिल्ली में भी गरीब परिवार की बेटी के लिए बालिका विवाह योजना चलाई जाती है. इसके तहत शादी के लिए सरकार की ओर से 30 हजार रुपये दिए जाते हैं.
बेटी की उम्र 18 साल से कम नहीं होनी चाहिए और योजना का फायदा लेने के लिए शादी की तारीख से दो महीने यानि 60 दिन पहले आवेदन करना होता है.



