नई दिल्ली. 31 मार्च का दिन खत्म होते ही पुराना वित्तीय वर्ष गया और 1 अप्रैल आते ही नया वित्तीय वर्ष शुरू हो गया है। इसके साथ कई महत्वपूर्ण बदलाव और नियम भी लागू हो गए हैं. आइए जानते हैं कि इंकम टैक्स से लेकर पेंशन स्कीम तक, एटीएम से पैसे निकालने से लेकर यूपीआई पेमेंट तक क्या महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं .
बढ़ी हुई टैक्स लिमिट हुई लागू
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते हुए टैक्स पेयर्स को बहुत बड़ी राहत दी थी. ये राहत है कि अब 12 लाख रुपये तक कोई टैक्स नहीं देना होगा. ये छूट उन टैक्स पेयर्स को मिलेगी जो रिटर्न फाइल नई टैक्स व्यवस्था (New Tax Regime) के तहत करते हैं। ये छूट 1 अप्रैल 2025 से लागू हो गई है.
एटीएम से पैसा निकालने से लेकर मिनिमम बैलेंस तक के बदले नियम
1 अप्रैल से एटीएम से पैसा निकालने के नियमों में बदलाव भी हो गया है. अब आप अगर दूसरे बैंक के एटीएम से एक महीने में तीन बार से अधिक पैसे निकालते हैं तो चौथी बार से आपको हर ट्रांजैक्शन पर 20 से 25 रुपये का ट्रांजैक्शन शुल्क लगेगा।
इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया , पंजाब नैशनल बैंक, केनरा बैंक जैसे कई बड़े बैंकों ने मिनिमम बैलेंस रखने के नियम भी बदल गए हैं. ये बदलाव इस बात पर निर्भर करेगा कि आपका बैंक शहरी या ग्रामीण किस इलाके में आता है. निर्धारित मिनिमम बैलेंस नहीं रखने पर आपको जुर्माना देना होगा। मिनिमम बैलेंस और जुर्माना से संबंधित जानकारी के लिए आप अपने बैंक अधिकारियों से संपर्क करें.
UPI पेमेंट में बदलाव
यूनाईटेड पेमेंट इंटरफेस यानी UPI पेमेंट को लेकर कई अहम बदलाव ऑन-लाइन पेमेंट की सिक्यॉरिटी को ध्यान में रखते हुए ये बदलाव किए गए हैं। अगर आपका मोबाइल नंबर जो यूपीआई से और बैंक से जुड़ा हुआ है लेकिन वह नंबर एक्टिव नहीं है तो आप1 अप्रैल से उस नंबर से पेमेंट नहीं कर पाएंगे. ये बदलाव पेटीएम, गूगल पे, फोनपे, जैसे यूपीआई एनेबल्ड सभी ऐप्स पर लागू होगा।
देशभर में टोल टैक्स बढ़ा
NHAI यानि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने देशभर के टोल हाइवेज पर 4 से 5 प्रतिशत टोल टैक्स बढ़ाया है जो कि 1 अप्रैल से लागू हो गया है। देशभर में नैशनल हाइवे नेटवर्क पर लगभग 855 टोल प्लाजा हैं जिस पर से गुजरने वाले वाहन चालकों को टोल टैक्स देना पड़ता है.
यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) हुई लागू
1 अप्रैल से पुरानी पेंशन योजना (OPS) की जगह यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) की लागू हो गई है। इस नई पेंशन स्कीम में 25 साल या उससे ज्यादा सर्विस करने वाले केंद्रीय कर्मचारियों को सर्विस के आखिरी 12 महीने के औसत बेसिक सैलरी का 50% पेंशन मिलेगा। इस नई पेंशन स्कीम के दायरे में लगभग 23 लाख केंद्रीय कर्मचारी आएंगे जिनको इसका फायदा मिलेगा.
लोगों पर क्या पड़ेगा प्रभाव?
नए वित्त वर्ष यानि 1 अप्रैल 2025 से लागू हो रहे इन नियमों का असर हर किसी पर सीधे या परोक्ष तौर पर पड़ेगा. बैंकिंग सेक्टर हो या फिर यूपीआई पेमेंट…आपको नए नियमों का जानकारी होनी चाहिए ताकि आप पर किसी भी तरह का गलत प्रभाव न पड़ सके


