नेहा मौर्या
आमिर खान इन दिनों अपनी किसी फिल्म की वजह से नहीं बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से सुर्खियों में हैं। वे एक बार फिर शादी करने जा रहे हैं। आमिर की पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे आइरा और जुनैद हैं।
इसके बाद उन्होंने 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से विवाह किया था। दोनों का एक बेटा आजाद है। तलाक के बाद भी आमिर के अपनी पूर्व पत्नियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बने हुए हैं। अब वे गौरी स्प्रैट के साथ तीसरी शादी की तैयारी कर रहे हैं।
कौन हैं गौरी स्प्रैट?
गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली हैं और ब्यूटी, फैशन एवं वेलनेस इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। वे आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस के साथ भी काम कर चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आमिर और गौरी पिछले लगभग 25 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं, लेकिन हाल के वर्षों में दोनों की दोस्ती रिश्ते में बदल गई।
आमिर खान ने अपने 60वें जन्मदिन के आसपास गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था। इसके बाद से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं।
कब हो सकती है शादी?
सूत्रों के मुताबिक, आमिर और गौरी 5 जुलाई 2026 को विवाह के बंधन में बंध सकते हैं। शादी बेहद निजी और सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित की जा सकती है। समारोह में केवल परिवार के सदस्य और करीबी मित्रों के शामिल होने की संभावना है। मनोरंजन जगत में यह भी चर्चा है कि आमिर के करीबी दोस्त सलमान खान और शाहरूख भी इस अवसर पर शामिल हो सकते हैं।
तीसरी शादी पर सोशल मीडिया में बहस
61 वर्ष की उम्र में संभावित तीसरी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कुछ लोग आमिर को ट्रोल कर रहे हैं, वहीं फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनके समर्थन में सामने आए हैं।
वरिष्ठ अभिनेत्री राखी गुलजार ने कहा कि खुशी और जीवनसाथी चुनने के फैसलों को उम्र के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए। बॉलीवुड के कई स्टार्स ने इस जोड़ी को नई ज़िंदगी शुरू करने के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी को लेकर कई तरह के दावे और अटकलें सामने आ रही हैं। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में शादी की खबरों की अंतिम पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
Post Views: 59



