📞
समाचारों और विज्ञापनों के लिए संपर्क करें News & Advertisement Enquiry
best news portal development company in india

हरियाणा पुलिस में 400 स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की भर्ती…जानिए कैसे करें अप्लाई?

हरियाणा पुलिस के दूरसंचार विंग ने 400 स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्ति हरियाणा पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 21 के तहत की जाएगी। आइए जानते हैं कि इसके भर्ती के लिए क्या है आवश्यक योग्यता और चयन प्रक्रिया ?

SHARE:

हरियाणा में स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स की वैकेंसी निकली है। सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के भूतपूर्व सैनिकों और हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (HSISF) और हरियाणा आर्म्ड पुलिस (HAP) बटालियन के पूर्व कांस्टेबल के लिए अच्छी ख़बर है।  आवेदन कर सकते हैं।
दूरसंचार उपकरणों के संचालन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों, खासकर सशस्त्र बलों/CAPFs के सिग्नल कोर में सेवा दे चुके अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। नियुक्ति की अवधि एक वर्ष होगी।
आवश्यक योग्यता
उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (10+2) पास होना जरूरी है। विज्ञापन की तिथि के अनुसार उम्मीदवार की उम्र 25 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
सशस्त्र बलों या CAPFs में उम्मीदवार की न्यूनतम सेवा अवधि पांच वर्ष होनी चाहिए। साथ ही, उम्मीदवार को अनुशासनहीनता, कदाचार या चिकित्सकीय अयोग्यता के आधार पर सेवा से हटाया या बर्खास्त नहीं किया गया होना चाहिए।
नहीं होगी कोई परीक्षा
SPO पद के लिए कोई लिखित परीक्षा या शारीरिक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। चयन से पहले उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और उनके चरित्र एवं पूर्ववृत्त का संबंधित जिला पुलिस प्राधिकरण से सत्यापन किया जाएगा। आवेदन में दिए गए शैक्षणिक योग्यता, आयु, श्रेणी और अन्य प्रमाण-पत्रों का भी संबंधित प्राधिकरणों से सत्यापन होगा।
कितना मिलेगा मानदेय?
चयनित SPO को ₹20,000 प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी। नियुक्ति के समय दो सेट वर्दी, एक जोड़ी जूते और अन्य जरूरी वर्दी सामग्री के लिए ₹3,000 का एकमुश्त यूनिफॉर्म भत्ता भी दिया जाएगा। सरकारी दौरे के दौरान ₹150 प्रतिदिन की दर से TA/DA का प्रावधान है।
15 दिन की मिलेगी ट्रेनिंग
चयनित उम्मीदवारों को पुलिस विभाग की आवश्यकताओं के अनुरूप खुद को तैयार करने के लिए 15 दिन का कैप्सूल कोर्स करना होगा। नियुक्ति एक वर्ष या नियमित आधार पर कर्मचारियों की नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, के लिए होगी।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवारों को अपने संबंधित जिले के लिए निर्धारित तारीख पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर आवेदन जमा करना होगा।
तारीख
जिले
24 अगस्त 2026
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल
25 अगस्त 2026
सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी
26 अगस्त 2026
गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात (नूंह), पलवल, रेवाड़ी और नारनौल
27 अगस्त 2026
हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, हांसी, जींद और डबवाली
आवेदन सुबह 9 बजे से पुलिस लाइंस दूरसंचार, सेक्टर-25 के सामने, गांव मोगीनंद के पास, पंचकूला, हरियाणा में प्राप्त किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख पर ही उपस्थित होना होगा। तय तारीख के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
कौन-कौन से डॉक्युमेंट्स जरूरी?
अभ्यर्थी को निर्धारित आवेदन फॉर्म के साथ सभी मूल दस्तावेज, सत्यापित छायाप्रतियों का एक सेट, आवश्यक शपथ-पत्र और अन्य निर्धारित दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा। इसके अलावा चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो भी लानी होंगी। अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन फॉर्म में नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, सेवा में भर्ती और डिस्चार्ज की तारीख, डिस्चार्ज के समय मेडिकल कैटेगरी, चरित्र प्रमाण-पत्र, मोबाइल नंबर, आधार, पैन, बैंक पासबुक, शैक्षणिक योग्यता, पता आदि की जानकारी मांगी गई है।
महत्वपूर्ण शर्तें
SPO को उनके गृह पुलिस थाने में तैनात नहीं किया जाएगा, हालांकि पद उपलब्ध होने पर गृह जिले में तैनाती को प्राथमिकता दी जा सकती है। आपातकालीन परिस्थितियों में SPO को हरियाणा राज्य में कहीं भी कम अवधि के लिए तैनात किया जा सकता है।
अनुशासनहीनता, कदाचार, असंतोषजनक कार्य प्रदर्शन या सेवा की आवश्यकता समाप्त होने की स्थिति में नियुक्ति एक वर्ष पूरा होने से पहले भी समाप्त की जा सकती है।
सबसे ज्यादा पढ़ी गई ख़बरें