नई दिल्ली. दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है. मौसम विभाग ने दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा चंडीगढ़ और पंजाब में तेज गर्मी और लू चलने की संभावना व्यक्त की है. आइए जानते हैं कि गर्मी से बचाव के लिए क्या करना चाहिए
अभी और सताएगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत, महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ऊपर जा सकता है. इससे साफ है कि अभी गर्मी और सताएगी.
इसके अलावा मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, यूपी समेत कई राज्यों में सामान्य और सामान्य से ज्यादा लू चलेगी।
गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में इस समय ‘सीवियर हीटवेव’ चल रहा है. इस वजह से इन क्षेत्रों में विभाग की तरफ से रेड अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के कई इलाकों में पारा 45 डिग्री के ऊपर चला गया है. पंजाब और हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है.
गर्मी से बेहाल, कैसे रखें ख्याल?
भीषण गर्मी की वजह से डिहाइड्रेशन, फूड प्वाइजनिंग जैसी कई स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याएं होती है. डॉक्टरों के मुताबिक लोगों को दोपहर की धूप से ख़ास तौर पर बचना चाहिए. शरीर में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए. बच्चों और बुजुर्गों को ख़ास तौर पर अपना ध्यान रखना चाहिए.
जरूरी नहीं हो तो दोपहर के टाइम घर से बाहर नहीं निकलें, और निकलना भी पड़े तो सिर को ढ़क कर रखें. बाहर निकलने पर सिर ढककर रखें, खूब पानी पिएं. फ्रिज़ के पानी के बजाए मटके का पानी पिएं. हो सके तो पानी गर्म करके रख लें और फिर ठंडा होने पर पिएं.
गर्मियों में नींबू पानी, छाछ, दही जैसे खाद्य पदार्थ का प्रयोग करें. कोल्ड ड्रिंक के बजाय लस्सी पिएं। बच्चों में अगर पानी की कमी हो जाए, डायरिया जैसी शिकायत हो तो ओआरएस का घोल पिएं. इसके अलावा किसी भी तरह की समस्या का होने पर डॉक्टर से संपर्क करें.


