📞
समाचारों और विज्ञापनों के लिए संपर्क करें News & Advertisement Enquiry
best news portal development company in india

आकाशवाणी दिल्ली में युववाणी कार्यक्रम के लिए होगा ऑडिशन..जानिए क्या है योग्यता, कैसे होगा सिलेक्शन?

आकाशवाणी दिल्ली से युवाओं को जुड़ने का मौका मिल रहा है। यदि आप भी रेडियो सुनते हैं और सोचते हैं कि आपकी आवाज़ भी ध्वनि तरंगों के माध्यम से देशभर में जाए तो आप युववाणी कार्यक्रम के लिए ऑडिशन दे सकते हैं। ये मौका खास तौर पर 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए है। आइए जानते हैं इसके लिए क्या है चयन प्रक्रिया?

SHARE:

नई दिल्ली, करियर डेस्क। आकाशवाणी यानि ऑल इंडिया रेडियो दिल्ली द्वारा युवाओं के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘युववाणी’ के लिए ऑडिशन आयोजित किए जा रहे हैं। रेडियो प्रसारण और उद्घोषणा के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, इस कार्यक्रम के माध्यम से इच्छुक युवाओं को आकाशवाणी से जुड़ने का मौका मिलेगा।
युववाणी: युवाओं की आवाज़ का मंच
युववाणी आकाशवाणी का एक प्रतिष्ठित युवा-केंद्रित कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से देश के युवाओं को अपने विचार, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को व्यक्त करने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में शिक्षा, करियर, साहित्य, संस्कृति, समसामयिक मुद्दों और युवा विषयों पर आधारित प्रस्तुति दी जाती है। इस कार्यक्रम से न केवल उन्हें रेडियो प्रसारण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, बल्कि उनके संप्रेषण कौशल और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी।
क्या है आवश्यक योग्यता?
ऑडिशन में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की योग्यता कम से कम किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से इंटरमीडिएट (12वीं) पास होना चाहिए। इससे अधिक योग्यता रखने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं। वहीं यदि आयु सीमा की बात करें तो 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
इसके साथ ही इच्छुक युवा की हिंदी भाषा पर अच्छी पकड़, स्पष्ट उच्चारण और प्रभावशाली अभिव्यक्ति आवश्यक मानी जाती है। मीडिया और रेडियो के प्रति रुचि रखने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जा सकती है।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार को आकाशवाणी दिल्ली, संसद मार्ग ( नियर- पटेल चौक मेट्रो स्टेशन), नई दिल्ली में जाना होगा। वहां पर कमरा संख्या 37, ब्रॉडकास्टिंग हाउस, आकाशवाणी दिल्ली में उपलब्ध एप्लीकेशन फॉर्म को ले सकते हैं और मांगे गए आवश्यक डॉक्युमेंट्स लगाकर जमा करना होगा। इस कार्य के लिए समय सीमा 1 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित है।
कब होंगे ऑडिशन?
आकाशवाणी दिल्ली में प्राप्त सभी आवेदन पत्रों की जांच की जाएगी और शार्टलिस्टेड कंडीडेट्स को ऑडिशन के लिए बुलाया जाएगा। आवेदन पत्रों की संख्या अत्यधिक होने पर लिखित परीक्षा का भी आयोजन किया जा सकता है। इसके लिए निर्धारित तारीख, समय और स्थान से संबंधित जानकारी आकाशवाणी दिल्ली के द्वारा फोन या मेल या स्पीड पोस्ट द्वारा पत्र भेजकर दी जाएगी। निर्धारित तारीख पर कंडीडेट्स को उपस्थित होना होगा।
कैसे होगा सिलेक्शन?
ऑडिशन के दौरान अभ्यर्थियों से परिचय, दिए गए विषय पर संक्षिप्त प्रस्तुति और वाचन या तात्कालिक संवाद का परीक्षण लिया जाएगा। सिलेक्शन पूरी तरह अभ्यर्थी की प्रस्तुति क्षमता और संवाद कौशल के आधार पर किया जाएगा।
चयनित युवाओं को आकाशवाणी जैसे राष्ट्रीय प्रसारण मंच से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्हें युववाणी कार्यक्रम को प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा और इसके लिए आकाणवाणी द्वारा निर्धारत पारिश्रमिक भी मिलेगा।
सबसे ज्यादा पढ़ी गई ख़बरें